Election 2022: देहरादून में आज 18 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे पीएम मोदी

उत्तराखंड में 2022 के विधानसभा चुनाव का आगाज आज पीएम नरेंद्र मोदी जनसभा द्वारा करने वाले हैं। रैली स्थल परेड मैदान में पार्टी ने एक लाख से अधिक लोगों की भीड़ जुटाने का लक्ष्य बनाया है। लक्ष्य पूरा करने के लिए पार्टी ने मंत्रियों से लेकर प्रदेश पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को मोर्चे पर उतारा हुआ है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुताबिक प्रधानमंत्री को सुनने के लिए लोगों में बहुत उत्साह है। दूर-दूर से लोग देहरादून पहुंच रहे हैं। आज पीएम 18 हजार करोड़ की योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। उन्होंने कहा कि पीएम के आने से हम सभी लोगों में नई ऊर्जा का संचार होगा।

वहीं, केंद्रीय मंत्री व उत्तराखंड भाजपा के चुनाव प्रभारी प्रह्लाद जोशी व केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट देहरादून पहुंच चुके हैं। इसके अलावा अन्य नेताओं ने भी दून में डेरा जमा लिया है। चुनाव प्रभारी ने रैली स्थल की तैयारियों का जायजा ले लिया है और मंच की व्यवस्था को भी देखा और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पीएम नरेंद्र मोदी की जनसभा में उनकी उपस्थिति में प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का भी संबोधन होगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि “इंद्रदेव प्रसन्न हैं। उन्होंने धूल धक्कड़ समाप्त कर दिया। कल शनिवार को सूर्यदेव भी अपना आशीर्वाद देंगे।”

प्रह्लाद जोशी  के मुताबिक “प्रधानमंत्री की जनसभा के साथ ही भाजपा के चुनाव प्रचार का उद्घोष होगा। यह गेम चेंजर बनेगा। लोगों में जबर्दस्त उत्साह और उमंग है। पांच वर्ष में सरकार ने एतिहासिक काम किए हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व, भाजपा सरकार के कार्य और धामी के युवा नेतृत्व में भाजपा की सरकार बनेगी और उत्तराखंड का सपना पूरा करेगी।”

यह भी पढ़े-Indian Navy Day: 4 दिसंबर को क्यों मनाया जाता है नौसेना दिवस, जानिए क्या है वजह

LIVE TV