
लखनऊ। फ्रिज में काफी चीजों को स्टोर करके रखा जाता है क्योंकि हरी सब्जियां और डेयरी प्रॉडक्ट्स बाहर रखने से खराब हो जाते हैं। इसी के साथ फ्रिज में फल और अंडे भी रखे जाते हैं लेकिन क्या आप जानते हैं कि फ्रिज में अंडा स्टोर करने से कई तरह के नुकसान हो सकते हैं।
अंडे को फ्रिज में रखने के बाद उसे सामान्य तापमान पर रखने से कंडेनसेशन (गैस से लिक्विड बनने की प्रक्रिया) की आशंका बढ़ जाती है। कंडेनसेशन से अंडे के छिलके पर मौजूद बैक्टीरिया की गति बढ़ सकती है और उसके भीतर प्रवेश करने के चांसेस भी बढ़ जाते हैं। ऐसे अंडे का सेवन करना खतरनाक हो सकता है।
टूटने का डर : खरीदकर लाने के बाद अगर तुरंत ही अंडों को उबालने के लिए रखा जाता है तो वे फूटते नहीं हैं लेकिन फ्रिज में रखे अंडे को उबालने से उसके फूटने का डर थोड़ा ज्यादा रहता है।
तापमान : अगर आपको अंडे का इस्तेमाल बेकिंग प्रोडक्ट बनाने के लिए करना है तो बेहतर होगा कि उसे फ्रिज में न रखें। फ्रिज में रखे अंडों को फेंटना अपेक्षाकृत थोड़ा मुश्किल होता है, जिससे रंग और स्वाद दोनों में फर्क आ जाता है।
अंडे का फंडा : अंडे में प्रोटीन, कैल्शियम व ओमेगा-3 फैटी एसिड उचित मात्रा में पाए जाते हैं, जो हमारे शरीर के लिए बहुत ही फायदेमंद होते हैं। इसमें मौजूद प्रोटीन हमारी मांसपेशियों को मजबूत बनाता है।
संक्रमण : कई बार अंडे के ऊपरी भाग पर गंदगी रह जाती है तो वह फ्रिज की दूसरी चीजों को भी संक्रमित कर सकती है। ऐसे में अंडे को फ्रिज में रखने से कई तरह के संक्रमण का खतरा हो सकता है।
ज्यादा सेहतमंद : फ्रिज में बहुत ज्यादा ठंड होने की वजह से अंडे के कुछ पोषक तत्व नष्ट हो जाते हैं। कमरे के तापमान पर रखे अंडे, फ्रिज में रखे अंडों की तुलना में कहीं ज्यादा सेहतमंद होते हैं।