दीपावली की तैयारी दशहरे के बाद से ही शुरु हो जाती है। लोग अपने घर को काफी सजाना चाहते हैं। मान्यता है कि लक्ष्मी माता प्रसन्न होकर घर में प्रवेश करती हैं। लेकिन अक्सर हम घर को सुंदर बनाने के चक्कर में कुछ गलतियां कर बैठते हैं। यह गलतियां वास्तु के विपरीत स्थितियां उत्पन्न कर देती हैं। लिहाजा घर को सजाते समय किन चीजों का ध्यान रखना चाहिए इस बारे में जरूर गौर करें।

वास्तुशास्त्री बताते हैं कि घर को सजाते समय पहले घर में रखे कबाड़ पर ध्यान देना चाहिए। कबाड़ में वह सारी चीजें है जिन्हें आप लंबे समय से प्रयोग में नहीं ला रहे हैं। घर में पड़ी खराब मशीनें, इलेक्ट्रॉनिक्स उपकरण, बंद पड़ी घड़ी, पुराने कपड़े(जो पहनने योग्य न हो) ऐसी सभी चीजों को घर से बाहर निकाल देना चाहिए। अगर किसी जरूरतमंद को इन वस्तुओं की जरूरत है तो उसे यह मुहैया करवा दें।
वास्तुशास्त्र के अनुसार कबड़ा में रखी वस्तुओं नकारात्मक ऊर्जा का संचार करती हैं। घर की सुंदरता और सजावट के चलते यदि माता लक्ष्मी का आगमन होगा तो भी वह यह कबाड़ से निकलने वाली ऊर्जा के प्रभाव के चलते वापस लौट जाएंगी।
घर को भले ही आप महल की तरह से सजा लें लेकिन यदि घर के चारों और और छत पर गंदगी का जमावड़ा होगा तो मां लक्ष्मी घर की ओर नहीं देखेंगी। यह ठीक वैसे ही है जैसे आप गंदे बर्तन में शरबत भरकर किसी को दे दें। भले ही शरबत कितना भी अच्छा क्यों न हो लेकिन सामने वाले गंदगी देखकर उसे पीने से इंकार कर देगा।
अगर आपके घर के आगे या उत्तर दिशा की ओऱ कोई भी गड्ढा है तो उसे भरवाकर समतल करवा दें। इससे वास्तु दोष दूर होगा और अनुकूल परिस्थितियां बनेंगी। जिन लोगों के घर का द्वारा दक्षिण दिशा की ओर हो उन्हें मुख्य द्वार पर पिरामिड या लक्ष्मी गणेश की तस्वीर लगानी चाहिए। वहीं अगर आपके घर का मुख्य द्वारा पूर्व दिशा या उत्तर दिशा की ओर हो तो उत्तर पूर्व दिशा को विशेष रूप से सजाएं।
घर के मुख्य द्वारा और खिड़कियों पर सरसों का तेल लगाकर उन पर स्वास्तिक का चिन्ह बनाना चाहिए। इसी के साथ शुभ लाभ लिखना चाहिए। दरवाजे के पीछे तेल लगाने का कारण है कि दरवाजा खुलते और बंद करते समय आवाज न करे।