Covid-19 Vaccination: नया रिकॉर्ड दर्ज, 1 दिन में लगे इतने टीके, PM मोदी ने दी बधाई

भारत में शुक्रवार को कोविड-19 रोधी टीकों की एक करोड़ से अधिक खुराकें दी गयी जो अब तक किसी एक दिन की सर्वाधिक संख्या है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने एक बयान में यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि रात तक संकलित अनंतिम रिपोर्ट के अनुसार एक अन्य महत्वपूर्ण उपलब्धि में देश में कोविड-19 टीकाकरण का दायरा 62 करोड़ (62,09,43,580) खुराक को पार कर गया है।

एक दिन में एक करोड़ से अधिक टीकाकरण के रिकॉर्ड पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता और टीकाकरण अभियान में लगे स्वास्थ्यकर्मियों को ट्वीट कर बधाई दी है। इस बीच स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया ने एक ट्वीट में कहा, “नागरिकों को बधाई क्योंकि भारत में आज ऐतिहासिक एक करोड़ कोविड टीके लगाए गए – और अभी गिनती जारी है।”

स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार टीकाकरण अभियान के तीसरे चरण की शुरुआत के बाद से अब तक 18-44 वर्ष के आयु वर्ग के कुल 23,72,15,353 लोगों को पहली खुराक दी गयी है वहीं 2,45,60,807 लोगों को दूसरी खुराक दी गयी है।

LIVE TV