
दिल्ली में अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के स्थापना दिवस कार्यक्रम में राहुल गांधी शामिल हुए। इस दौरान इन्होंने अखिल भारतीय महिला कांग्रेस के नया लोगो का अनावरण किया। वहीं, कार्यक्रम के संबोधन में राहुल गांधी ने मोदी सरकार पर जमकर हमला बोला। राहुल गांधी ने कहा मैं बाकी विचारधारों के साथ कोई न कोई समझौता कर सकता हूं, मगर मैं आरएसएस और बीजेपी की विचारधारा के साथ कभी समझौता नहीं कर सकता। वो(भाजपा) अपने आप को हिन्दू पार्टी कहते हैं और पूरे देश में लक्ष्मी और दुर्गा पर आक्रमण करते हैं। जहां ये जाते हैं, कहीं लक्ष्मी को मारते हैं, कहीं दुर्गा को मारते हैं। ये हिन्दू धर्म का प्रयोग करते हैं, ये धर्म की दलाली करते हैं। मगर ये हिन्दू नहीं हैं।

राहुल गांधी ने कहा, पिछले 100-200 साल में किसी एक व्यक्ति ने हिन्दू धर्म को समझा हो तो उस व्यक्ति का नाम महात्मा गांधी है, इसे हम और आरएसएस, बीजेपी के लोग भी मानते हैं। अगर महात्मा गांधी ने हिन्दू धर्म को समझा और उन्होंने अपनी पूरी ज़िंदगी हिन्दू धर्म को समझने में लगा दी तो आरएसएस की विचारधारा ने उस हिन्दू की छाती में तीन गोली क्यों मारी।
स्थापना दिवस के मौके पर ऑल इंडिया महिला कांग्रेस ने ट्वीट करते हुए राहुल गांधी और महिला कांग्रेस का नया लोगो पोस्ट किया है। इसके साथ ही, साथ ही पार्टी के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने महिला कांग्रेस के नए प्रतीक चिन्ह और झंडे का भी अनावरण किया है।