उत्तराखंड

पीएम मोदी की मिमिक्री और अजीत डोभाल पर टिप्पणी को लेकर सीएम धामी का राहुल गांधी पर तीखा प्रहार

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इंदौर में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मिमिक्री और राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल पर की गई टिप्पणी को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी की कड़ी आलोचना की है।

धामी ने कहा कि उम्र और अनुभव में अत्यंत वरिष्ठ प्रधानमंत्री द्वारा एक बुजुर्ग महिला को कुर्सी देने के कृत्य का मजाक उड़ाना राहुल गांधी की संकीर्ण मानसिकता और उनके बौद्धिक स्तर को पूरे देश के सामने बेनकाब करता है। इसके साथ ही, मुख्यमंत्री ने अजीत डोभाल पर राहुल की टिप्पणी को ‘उत्तराखंड के सपूत’ का घोर अपमान बताते हुए आरोप लगाया कि सेना और देश की सुरक्षा में लगे शूरवीरों पर सवाल उठाना राहुल गांधी की आदत बन चुकी है, जैसा कि उन्होंने सर्जिकल स्ट्राइक और एयर स्ट्राइक के समय भी किया था।

दरअसल, इंदौर के इस कार्यक्रम में राहुल गांधी ने ‘देश पर सिस्टम का कब्जा’ विषय पर बोलते हुए आरोप लगाया था कि देश की संस्थाओं को छह लोगों—नरेंद्र मोदी, अमित शाह, अजीत डोभाल, मोहन भागवत, अंबानी और अडाणी—ने अपने नियंत्रण में ले लिया है और डोभाल देश के संचार माध्यमों की निगरानी करते हैं।

इस पूरे विवाद के बीच, कांग्रेस नेताओं ने भाजपा के आरोपों को खारिज करते हुए मिमिक्री वाले कृत्य को महज एक ‘व्यंग्य’ बताकर अपना बचाव किया है।

Related Articles

Back to top button