भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनज़र 7 और 8 अगस्त को यूपी दौरे पर हैं। 7 अगस्त को लखनऊ में सरकार व संगठन को चुनावी एजेंडा सौंपने के बाद 8 अगस्त को आगरा में चुनावी बिगुल बजाएंगे। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ व भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। आज जेपी नड्डा के साथ की बैठक में इस बात पर अब मुहर लगेगी कि उत्तर प्रदेश में मंत्रिमंडल विस्तार होगा या नहीं।

इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में ब्लॉक प्रमुख व जिला पंचायत अध्यक्ष सम्मेलन को जेपी नड्डा संबोधित करेंगे। सम्मेलन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य नेता भी मौजूद रहेंगे। इसके बाद दोपहर 1.15 बजे विधानसभा प्रभारियों के साथ भी बैठक करेंगे। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह, प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, डॉ. दिनेश शर्मा, महामंत्री (संगठन) सुनील बंसल भी बैठक में मौजूद रहेंगे। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष 3.30 बजे प्रदेश भाजपा कार्यालय जाएँगे। शाम 4 बजे मंत्रियों, पदाधिकारियों के साथ बैठक करेंगे।
इसके बाद 8 अगस्त को नड्डा आगरा में ब्रज क्षेत्र के क्षेत्रीय पदाधिकारियों, जिलाध्यक्षों की चुनावी बैठक लेंगे। उनका ब्रज क्षेत्र के भाजपा विधायकों से भी बातचीत का कार्यक्रम है। नड्डा आगरा में कोरोना वायरस सम्मलेन में भी शामिल होंगे।