
उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कांवड़ यात्रा और हिंदू ऋषि-मुनियों पर टिप्पणी को सपा की हिंदू विरोधी मानसिकता का हिस्सा बताया। बरेली में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के स्वागत के दौरान पत्रकारों से बातचीत में चौधरी ने कांवड़ यात्रा के दौरान प्रदेश में हुई घटनाओं को सुनियोजित साजिश का हिस्सा करार दिया।

उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा बहुसंख्यक समुदाय की धार्मिक भावनाओं से जुड़ी है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में इस दौरान हुई घटनाएं संभवतः सपा की मानसिकता से प्रेरित हो सकती हैं। हालांकि, उन्होंने जोड़ा कि पुलिस इसकी जांच कर रही है और अभी इस पर टिप्पणी करना जल्दबाजी होगी। चौधरी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून का राज है और अराजकता की इजाजत किसी को नहीं दी जाएगी। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
इंडिया गठबंधन पर भी साधा निशाना
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने इंडिया गठबंधन को स्वार्थ और अवसरवाद का प्रतीक बताते हुए इसे भी हिंदू विरोधी मानसिकता से ग्रसित बताया। उन्होंने कहा कि किसी की धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाना अब बर्दाश्त नहीं होगा। सरकार ने सभी समुदायों के त्योहारों को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए पुख्ता व्यवस्था की है।
शिक्षक की कविता पर जताई आपत्ति
बरेली के शिक्षक रजनीश गंगवार की कविता “कांवड़ लेकर मत जाना, तुम ज्ञान का दीप जलाना” का जिक्र होने पर चौधरी ने इस पर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि किसी भी धर्म की भावनाओं को ठेस पहुंचाना स्वीकार्य नहीं है। भारत में लोग अपनी-अपनी परंपराओं और धर्म के अनुसार जीवन जीते हैं, और सरकार सभी धर्मों का सम्मान करती है। कुछ लोग जानबूझकर किसी विशेष समुदाय को निशाना बनाकर विवाद उत्पन्न करते हैं, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।