Azamgarh: धारदार हथियार से मंगेतर की हत्या, युवक फरार, जांच में जुटी पुलिस
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां एक युवक ने अपनी मंगेतर को पहले मिलने के बहाने बुलाया और फिर धारदार हथियार से वार कर उसकी हत्या कर दी। हालांकि, मंगेतर ने ये हत्या क्यों कि इसका खुलासा अभी नहीं हो सका है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
यह वरादात अतरौलिया इलाके की है। जहां पुरखी गांव के रहने वाले विनोद कुमार की बेटी खुशबू की शादी अहरौला के भैसापुर परौली गांव के रहने वाले देवानंद उर्फ गोली के साथ तय हुई थी। चार महीने पहले दोनों की सगाई भी हो चुकी थी। सगाई के बाद दोनों आपस में फोन पर बातचीत करते थे।
वहीं एक दिन मंगेतर देवानंद ने खुशबू से मिलने के लिए उस पर दबाव बनाया। इसपर खुशबू ने हामी भरी और देवानंद से मिलने भाभी के साथ शाहपुर बाजार चली गई। देवानंद और खुशबू मिलकर बातचीत कर रहे थे। इस दौरान देवानंद ने खुशबू की भाभी से यह कहकर दूर जाने को कहा कि हम लोगों को कुछ आपसी बात करनी है।
भाभी के कुछ दूर जाते ही देवानंद ने धारदार हथियार से खुशबू की गर्दन पर कई वार किए। घायल खुशबू की चीख सुनकर उसकी भाभी ने शोर मचाते हुए लोगों से मदद मांगी। वहीं, हमला करने के बाद देवानंद मौके से फरार हो गया। इसके बाद आनन-फानन में खुशबू को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया गया। लेकिन वहां से उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर करने को कहा गया और रास्ते में खुशबू ने दम तोड़ दिया।