
एशियन चैंपियंस ट्रॉफी हॉकी 2021 (Asian Champions Trophy Hockey 2021)में भारत ने पाकिस्तान को 3-1 से हरा दिया है। भारतीय टीम की तरफ से हरमनप्रीत ने 2 और आकाशदीप सिंह ने 1 गोल किया। इस मुकाबले में जीत के साथ ही भारत के अब 3 मैचों में 7 अंक हो गए हैं। इस जीत के साथ ही भारत ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है।
मैच के तीसरे क्वार्टर में दोनों टीमों ने अच्छा खेल दिखाया और दोनों ने एक-एक गोल किया। भारत के लिए दूसरा गोल आकाशदीप ने किया और टीम इंडिया को 2-0 की बढ़त दिला दी। इसके बाद पाकिस्तान के जुनैद मंजूर ने गोल कर भारत की बढ़त को कम किया। हालांकि बाद में हरमनप्रीत ने इस मैच में दूसरा गोल कर भारत को 3-1 की बढ़त दिला दी, जो कि निर्णायक साबित हुई।
बता दें कि इस मुकाबले में भारत ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल दिखाया। पहले क्वार्टर में 1-0 की बढ़त ले ली। दूसरे क्वार्टर में भी भारतीय टीम ने गोल करने के कई प्रयास किए। पाकिस्तान के गोल पोस्ट पर लगातार अटैक किया। हालांकि पाकिस्तान के डिफेंस ने तीन बार अच्छा बचाव करके भारत को गोल करने से रोका। पाकिस्तान के गोलकीपर अली अमजद ने दो शानदार बचाव किए।