
बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार की मां अरुणा भाटिया का निधन हो गया है। अक्षय की मां लंबे समय से बीमार थीं। अक्षय की मां कुछ ही दिनों पहले ही मुम्बई के पवई स्थित हीरानंदानी अस्पताल में भर्ती हुईं थीं। अक्षय ने सोशल मीडिया पर मां के निधन की जानकारी दी है। साथ ही एक्टर ने मां के नाम एक इमोशनल पोस्ट भी शेयर किया है। खिलाड़ी कुमार ने मां को श्रद्धांजलि देते हुए बताया है कि वो इस वक्त बेहद बुरे दौर से गुजर रहे हैं।

अक्षय कुमार ने अपनी पोस्ट में लिखा- वो मेरा अहम हिस्सा थीं। आज मुझे असहनीय दर्द महसूस हो रहा है। मेरी मां श्रीमति अरुणा भाटिया ने आज सुबह इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। वे दूसरी दुनिया में मेरे पिता के साथ फिर से मिल गई हैं। मैं आपकी दुआओं का सम्मान करता हूं क्योंकि मैं और मेरा परिवार मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं। ओम शांति.

बता दें कि अक्षय की मां की तबीयत काफी समय से ठीक नहीं चल रही थी। उन्हें 3 सितंबर को मुंबई के हीरानंदानी अस्पताल में एडमिट कराया गया था। वे आईसीयू में भर्ती थीं। उनकी हालत काफी नाजुक थीं। मां की तबीयत खराब होने की जानकारी मिलने के बाद अक्षय कुमार लंदन से तुरंत मुंबई लौटे थे। एक्टर लंदन मे अपनी फिल्म सिंडरेला की शूटिंग कर रहे थे।