
आगरा के जगदीशपुरा अवधपुरी निवासी शिक्षक जितेंद्र गोयल ने पत्नी की मौत के तीन दिन बाद लखनऊ के एक होटल में आत्महत्या कर ली।
जितेंद्र गोयल बेसिक शिक्षा विभाग में प्रभारी प्रधानाध्यापक थे और बहराइच में तैनात थे। उनकी पत्नी पूजा गोयल श्रावस्ती जिले के एक विद्यालय में सहायक अध्यापिका थीं।
18 अप्रैल को गृह क्लेश के बाद पूजा मायके आ गई थीं। 20 अप्रैल को ससुराल लौटने के बाद 22 अप्रैल को उन्होंने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पूजा के परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जिसमें जितेंद्र गोयल का भी नाम शामिल था।
पत्नी की मौत के सदमे में जितेंद्र गोयल तनाव में थे। शुक्रवार को उन्होंने लखनऊ के एक होटल में आत्महत्या कर ली। दोनों की मौत से पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। दंपति के 5 वर्षीय बेटे का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस मामले की जांच कर रही है। एसीपी लोहामंडी गौरव सिंह ने बताया कि पत्नी की मौत पर दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज है और पति की मौत आत्महत्या प्रतीत होती है।



