भगवान राम की नगरी में AAP ने निकाली तिरंगा संकल्प यात्रा, उमड़ा जनसैलाब

अयोध्या गुलाब बाड़ी से गांधी पार्क के लिए मंगलवार को आम आदमी पार्टी (AAP) ने तिरंगा संकल्प यात्रा निकाली। इस दैरान दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया और सांसद संजय सिंह मौजूद रहें। दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने ‘राम राज्य’ की प्रतिष्ठा का संकल्प दिलाया, तो प्रभु श्री राम के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा को भी जमकर रगड़ा।

उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने कहा- पूरे देश में अरविंद केजरीवाल एकमात्र मुख्यमंत्री हैं, जो प्रभु श्रीराम के आदर्शों से प्रेरणा लेकर सरकार चला रहे हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, महिला सुरक्षा, कानून व्यवस्था सहित किसानों के मुद्दे पर योगी सरकार को आईना दिखाते हुए सिसोदिया बोले-यूपी में आप की सरकार बनी तो दिल्ली की तरह श्रीराम के आदर्शों का अनुसरण करते हुए अच्छी शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था, रोजगार, महिलाओं की सुरक्षा, कानून व्यवस्था जैसे मुद्दों पर काम होगा। संतो से मिले विजई भव के आशीर्वाद का उल्लेख करते हुए कहा कि राम सबके हैं, मगर उनके नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा के मुंह में राम बगल में छुरी है जबकि हमारे मुंह और दिल में राम तो हाथ में संविधान है।

पार्टी के प्रदेश प्रभारी संजय सिंह के नेतृत्व में निकली तिरंगा यात्रा को संबोधित करते हुए मनीष सिसोदिया ने कहा कि भाजपा ने वादा किया था कि सरकार बनाते ही गुंडाराज, भ्रष्टाचार खत्म करेंगे, रोजगार देंगे, फसल का दोगुना दाम देंगे, महिलाओं की सुरक्षा के लिए कानून व्यवस्था दुरुस्त करेंगे लेकिन साढ़े चार साल बीतने के बाद जनता ठगा महसूस कर रही है।

सिसोदिया ने किसानों की बदहाली और ऊपर से प्रदेश में उन पर महंगी बिजली की मार का जिक्र करते हुए दिल्ली की तरह यहां भी 300 यूनिट फ्री बिजली को लोगों का हक बताया। कहा कि लुटेरे, भ्रष्टाचारी और दंगाइयों के साथ खड़ी गुंडाराज वाली भाजपा सरकार को हटाने के संकल्प के साथ हम तिरंगा संकल्प यात्रा निकाल रहे हैं।

यात्रा में प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, प्रदेश सहप्रभारी ब्रज कुमारी सिंह, ब्रजलाल लोधी, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश यादव, प्रदेश महासचिव दिनेश पटेल, महिला विंग के प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव, प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता वैभव माहेश्वरी, प्रदेश प्रवक्ता महेंद्र प्रताप सिंह, वैभव जायसवाल, सीवाईएसएस के प्रदेश अध्यक्ष बंशराज दुबे, विनय पटेल, तुषार श्रीवास्तव सहित हजारों की संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

LIVE TV