देशबड़ी खबर

लोकसभा में 850 और यूपी विधानसभा में 650 सीटें करने का प्रस्ताव: 30 नवंबर से संसद के विशेष सत्र में पेश होगा परिसीमन और 33% महिला आरक्षण विधेयक

देश की चुनावी और राजनीतिक व्यवस्था में एक बड़े बदलाव की तैयारी चल रही है। केंद्र सरकार की ओर से प्रस्तावित महिला आरक्षण और परिसीमन विधेयक आगामी संसद सत्र में चर्चा का प्रमुख केंद्र बनने जा रहे हैं। केंद्रीय मंत्रिमंडल से मंजूरी मिलने के बाद इस विधायी पैकेज को 30 नवंबर से शुरू होने वाले संसद के विशेष सत्र में पेश किया जाएगा।

प्रस्तावित ढांचे के अनुसार, लोकसभा की अधिकतम सीटों को 550 से बढ़ाकर 850 करने और राज्य विधानसभाओं की अधिकतम सदस्य संख्या 650 तक करने की योजना है। इसके साथ ही लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू करने का प्रावधान किया गया है।

प्रस्तावित व्यवस्था के तहत प्रत्येक राज्य और केंद्रशासित प्रदेश की लोकसभा सीटों में 50 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी की बात कही गई है। वहीं, उत्तर प्रदेश में विधानसभा सीटों की संख्या मौजूदा 403 से बढ़ाकर 650 करने का प्रस्ताव है। परिसीमन की प्रक्रिया के लिए 2011 की जनगणना को आधार बनाया जाएगा, जबकि राज्यों के बीच सीटों के आवंटन का अनुपात 1971 की जनगणना के आधार पर ही यथावत रखने का प्रस्ताव है।

इस पूरी कवायद को अंजाम देने के लिए एक नए परिसीमन आयोग के गठन का भी प्रावधान किया गया है। सरकार का लक्ष्य इस प्रक्रिया को दो साल के भीतर पूरा करने का है, ताकि 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले निर्वाचन क्षेत्रों का नया नक्शा तैयार हो सके। इसके अलावा, प्रस्ताव में 2051 तक सीटों के आवंटन और निर्वाचन क्षेत्रों के पुनर्समायोजन पर रोक बनाए रखने की बात भी शामिल है।

महिलाओं की राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से लाए जा रहे इस प्रस्ताव में लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में एक-तिहाई यानी 33 प्रतिशत सीटें महिलाओं के लिए आरक्षित करने की व्यवस्था है। इसमें अनुसूचित जाति (SC) और अनुसूचित जनजाति (ST) के लिए आरक्षित सीटों के भीतर भी महिलाओं को आरक्षण देने का प्रावधान शामिल किया गया है। यह आरक्षण 15 वर्षों यानी तीन चुनावी कार्यकाल तक लागू रहेगा और समय-समय पर आरक्षित निर्वाचन क्षेत्रों में बदलाव (रोटेशन) भी किया जाएगा।

इस पूरे विधायी पैकेज में दो संविधान संशोधन विधेयक और एक केंद्रशासित प्रदेश संशोधन विधेयक शामिल हैं। सूत्रों के मुताबिक, विधेयकों पर एक दिसंबर को लोकसभा में पांच से छह घंटे तक मतदान की प्रक्रिया चल सकती है। सरकार को उम्मीद है कि परिसीमन विधेयक को पारित कराने के लिए सदन में आवश्यक दो-तिहाई बहुमत मिल जाएगा।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि इन प्रस्तावों पर संसद में क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व, राज्यों के बीच संतुलन, निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाओं और महिला राजनीतिक भागीदारी जैसे अहम मुद्दों पर व्यापक बहस देखने को मिल सकती है।

Related Articles

Back to top button