उत्तर प्रदेश

संविधान दिवस पर लखनऊ में बड़ा सियासी शक्ति प्रदर्शन: 2027 चुनाव से पहले सपा, बीजेपी, कांग्रेस, बसपा और आजाद-ओवैसी ने झोंकी ताकत

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले संविधान दिवस (गुरुवार) के अवसर पर राजधानी लखनऊ में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच बड़ा राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन देखने को मिल रहा है। समाजवादी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी), कांग्रेस, बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और चंद्रशेखर आजाद व असदुद्दीन ओवैसी के गठबंधन ने इस दिन को अपने-अपने राजनीतिक एजेंडे और सामाजिक समीकरणों को साधने का प्रमुख मंच बना लिया है। एक ही दिन प्रदेश में हो रहे इन बड़े राजनीतिक आयोजनों के केंद्र में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की विरासत, संविधान की रक्षा, आरक्षण और सामाजिक न्याय के मुद्दे हैं।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव संविधान दिवस के मौके पर शाम पांच बजे लखनऊ के होटल सेंट्रम में पार्टी का चुनावी घोषणापत्र जारी करेंगे, जिसे ‘जन-मन का मैनिफेस्टो’ और ‘पीडीए का प्रणपत्र’ नाम दिया गया है। पार्टी के अनुसार, इस घोषणापत्र के केंद्र में पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक (PDA) वर्गों के साथ महिलाएं, युवा, किसान और कर्मचारी होंगे।

इसमें संविधान, लोकतंत्र, आरक्षण, रोजगार, मुफ्त बिजली और पुरानी पेंशन जैसी योजनाओं पर विशेष ध्यान दिया गया है। इस कार्यक्रम में अखिलेश यादव के साथ रामगोपाल यादव, शिवपाल यादव और आजम खान सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।

दूसरी ओर, लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा के बैनर तले चंद्रशेखर आजाद और असदुद्दीन ओवैसी की संयुक्त महारैली आयोजित की जा रही है। इस रैली को दोनों दलों के गठबंधन की पहली बड़ी राजनीतिक परीक्षा के रूप में देखा जा रहा है, जिसके जरिए दलित-मुस्लिम राजनीतिक एकजुटता, बहुजन अधिकार, आरक्षण, शिक्षा और रोजगार के मुद्दे उठाए जाएंगे। वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे भी लखनऊ में संविधान रक्षा कार्यक्रम में शामिल हो रहे हैं।

प्रशासन द्वारा नेहरू भवन से हजरतगंज तक मार्च की अनुमति न मिलने के बाद अब यह कार्यक्रम प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित किया जा रहा है। कांग्रेस ने संवैधानिक संस्थाओं, मताधिकार और लोकतांत्रिक मूल्यों पर खतरे का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग की भूमिका और मतदाता सूची से जुड़े मुद्दों को अपने अभियान में शामिल किया है।

सत्ताधारी बीजेपी इस अवसर पर प्रदेश कार्यालय से लेकर विभिन्न जिलों तक ‘संविधान गौरव दिवस’ मना रही है। पार्टी ने संविधान दिवस पर शुभकामना संदेश जारी कर बाबा साहेब आंबेडकर और संविधान सभा की विभूतियों को नमन किया है। बीजेपी ने संविधान को भारतीय लोकतंत्र की अनमोल धरोहर बताते हुए ‘विकसित भारत’ के संकल्प में इसकी भूमिका को रेखांकित किया है और इन कार्यक्रमों के जरिए दलित समाज के बीच अपनी पहुंच मजबूत करने का प्रयास कर रही है।

इस बीच, बसपा प्रमुख मायावती ने भी संविधान दिवस पर बहुजन समाज से आत्मसम्मान और स्वाभिमान के मिशन पर चिंतन करने का आह्वान किया है। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के ‘सत्ता की मास्टर चाबी’ वाले संदेश के बावजूद यह मिशन अभी अधूरा है। मायावती ने पूर्ववर्ती केंद्र सरकारों से आरक्षण, गरीबी, बेरोजगारी, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे संवैधानिक दायित्वों का हिसाब मांगने की बात कही।

उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब के आगामी चुनावों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि बसपा के सत्ता में आने पर ही ‘सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ की नीति के तहत संविधान की मंशा को जमीन पर उतारा जा सकता है। इसी क्रम में पंजाब के जालंधर जिले के फिल्लौर में आयोजित संविधान दिवस जनसभा में बसपा के राष्ट्रीय संयोजक आकाश आनंद मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हो रहे हैं।

Related Articles

Back to top button