
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में रफ्तार के जुनून और आगे निकलने की होड़ ने चार युवाओं की जिंदगी छीन ली। नगरा-बेल्थरारोड मार्ग पर निछुआडीह मोड़ के पास बीती रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर ताड़ के पेड़ से टकरा गई।
इस भीषण सड़क हादसे में एक ही गांव (गौवापार) के रहने वाले चार दोस्तों की दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा ऐसे समय में हुआ जब पूरा परिवार और गांव छठ महापर्व की तैयारियों में जुटा था। अपनों को खोने की खबर मिलते ही घरों में कोहराम मच गया और त्योहार की खुशियां अचानक मातम में तब्दील हो गईं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गौवापार गांव के आठ दोस्त दो अलग-अलग कारों में सवार होकर नगरा बाजार गए थे। देर रात घर लौटते समय दोनों कारों के चालकों के बीच एक-दूसरे से आगे निकलने (ओवरटेक करने) की होड़ लग गई। रेस लगाने के इसी चक्कर में तेज रफ्तार से दौड़ रही एक कार निछुआडीह मोड़ पर बेकाबू हो गई और सीधे सड़क किनारे खड़े ताड़ के पेड़ से जा टकराई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चारों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के तुरंत बाद, दूसरी कार में सवार दोस्तों और स्थानीय लोगों ने चारों घायलों को आनन-फानन में पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। बाकी दो गंभीर रूप से घायल युवकों की नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें मऊ रेफर कर दिया गया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
एक साथ चार दोस्तों की मौत से गौवापार गांव स्तब्ध है। नगरा थानाध्यक्ष संजय मिश्र ने बताया कि पुलिस ने सूचना मिलते ही चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।




