उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले से एक बेहद खौफनाक और दुस्साहसिक वारदात सामने आई है। यहां छेड़खानी और पॉक्सो (POCSO) एक्ट का मुकदमा दर्ज कराने की रंजिश में जमानत पर छूटे एक आरोपी ने शिकायतकर्ता युवती के घर में घुसकर खूनी खेल खेला।
आरोपी ने आवाज बदलकर धोखे से घर का दरवाजा खुलवाया और फिर अंदर घुसकर युवती, उसकी मां और नानी पर चाकू से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में तीनों महिलाएं गंभीर रूप से घायल हो गई हैं और उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इनमें से मुख्य शिकायतकर्ता युवती की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है।
यह सनसनीखेज घटना शहर के दरगाह थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात करीब 11 बजे अंजाम दी गई। पुलिस के अनुसार, इस पूरे हमले के पीछे 6 साल पुरानी एक रंजिश है। पीड़ित युवती ने 6 साल पहले अपने ही इलाके में रहने वाले अजलान नामक युवक के खिलाफ छेड़खानी और परेशान करने का मामला दर्ज कराया था। उस वक्त पुलिस ने अजलान के खिलाफ छेड़खानी और पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उसे जेल भेज दिया था। कुछ समय बाद अजलान जमानत पर छूटकर बाहर आ गया और शहर से बाहर चला गया था।
जानकारी के मुताबिक, प्रतिशोध की आग में जल रहा आरोपी अजलान शनिवार रात अचानक युवती के घर पहुंचा। उसने चालाकी से आवाज बदलकर दरवाजा खटखटाया। जैसे ही युवती की छोटी बहन ने दरवाजा खोला, अजलान उसे धक्का देकर जबरन घर में घुस गया और सीधे युवती को निशाना बनाते हुए उस पर चाकू से हमला कर दिया।
बेटी को बचाने के लिए जब उसकी मां और नानी बीच-बचाव करने दौड़ीं, तो खून सवार आरोपी ने उन्हें भी चाकू मारकर बुरी तरह घायल कर दिया। महिलाओं की चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग मदद के लिए वहां पहुंचते, आरोपी अजलान मौके से फरार हो चुका था।
स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायल महिलाओं को फौरन जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वारदात की सूचना मिलते ही नगर क्षेत्राधिकारी (सीओ सिटी) नारायण दत्त मिश्रा और दरगाह थाना प्रभारी अमितेंद्र सिंह भारी पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे और घायलों का हाल जाना।
सीओ सिटी नारायण दत्त मिश्रा ने बताया कि आरोपी अजलान के खिलाफ हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं और उसकी सरगर्मी से तलाश की जा रही है।



