उत्तर प्रदेशबहराइच

बहराइच में ‘जल परी’ शो के दौरान बड़ा हादसा, ग्लास टैंक फटने से 4 मासूम घायल, मची अफरातफरी

उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले में एक ‘जल परी’ (मरमेड) शो के दौरान अचानक ग्लास टैंक का शीशा टूट जाने से बड़ा हादसा हो गया। फखरपुर थाना क्षेत्र के फखरपुर कस्बे में आयोजित इस शो को देखने के लिए भारी भीड़ उमड़ी थी। शो के बीच में ही पानी से भरे ग्लास टैंक का शीशा तेज आवाज के साथ फट गया, जिससे मौके पर भगदड़ और अफरातफरी का माहौल बन गया।

इस अचानक हुए हादसे में टूटे हुए कांच की चपेट में आने से चार मासूम बच्चे घायल हो गए। शीशा टूटते ही लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायल बच्चों को आनन-फानन में पास के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) फखरपुर ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

इस दर्दनाक हादसे ने ऐसे आयोजनों में सुरक्षा व्यवस्था और मानकों की अनदेखी पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि पानी के टैंक का शीशा किस वजह से टूटा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button