
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस अभियान के तहत नंदगंज थाना पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। मंगलवार को धामपुर घरवा मोड़ के पास हुई एक मुठभेड़ में 25 हजार रुपये का इनामी और वांछित गोतस्कर ओसियर बिंद गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया है। मौके से पुलिस ने बदमाश के पास से 315 बोर का एक तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) डॉ. राकेश मिश्रा के अनुसार, मुखबिर से मिली गुप्त सूचना के आधार पर 3 नवंबर को पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की थी। इसी दौरान खुद को घिरता देख बदमाश ने फायरिंग की और जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। पकड़ा गया 35 वर्षीय आरोपी ओसियर बिंद मूल रूप से चंदौली जिले के धीना थाना क्षेत्र (लखईपुर अवंती) का निवासी है। वह गाजीपुर के शादियाबाद थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के एक मुकदमे में लंबे समय से वांछित था।
पुलिस के अनुसार, इस शातिर अपराधी का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है। इसके खिलाफ चंदौली के सकलडीहा और गाजीपुर के जमानिया व शादियाबाद थानों में गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत कई गंभीर मामले पहले से दर्ज हैं।
फिलहाल घायल बदमाश को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है और नंदगंज थाने में नई प्राथमिकी दर्ज कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।


