
उत्तराखंड पुलिस के गौरव और प्रतिष्ठा में एक ऐतिहासिक अध्याय जुड़ने जा रहा है। आगामी 9 नवंबर को राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर उत्तराखंड पुलिस को आधिकारिक तौर पर ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ (राष्ट्रपति कलर) से नवाजा जाएगा। सूत्रों के अनुसार, इस गरिमामयी समारोह में शामिल होने और पुलिस बल को यह प्रतिष्ठित सम्मान सौंपने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह देहरादून पहुंच सकते हैं।
राष्ट्रपति पुलिस कलर किसी भी सैन्य अथवा पुलिस बल के लिए सर्वोच्च और अत्यंत प्रतिष्ठित सम्मान माना जाता है। यह पुरस्कार एक बेहद कठोर और बहु-स्तरीय मूल्यांकन प्रक्रिया से गुजरने के बाद प्रदान किया जाता है। इसके तहत राज्य पुलिस बल के कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, आंतरिक सुरक्षा, आपदा प्रबंधन, जनसुरक्षा और तकनीकी नवाचार जैसे सभी महत्वपूर्ण आयामों का गहन परीक्षण किया जाता है। उत्तराखंड पुलिस इन सभी मानकों पर खरी उतरी है, जिसके चलते वह देश के उन चुनिंदा राज्यों की सूची में शामिल हुई है जिन्हें यह गौरव प्राप्त हुआ है। गौरतलब है कि उत्तराखंड के साथ ही अप्रैल माह में गोवा पुलिस के लिए भी इस सम्मान की घोषणा हुई थी, जहां समारोह आयोजित कर इसे प्रदान किया जा चुका है।
उत्तराखंड पुलिस बल के लिए राष्ट्रपति पुलिस कलर का आधिकारिक डिजाइन वरिष्ठ अधिकारियों की एक विशेष समिति द्वारा पहले ही फाइनल किया जा चुका है। यह सम्मान पुलिस बल के ध्वज और जवानों की वर्दी पर अंकित होकर उनके शौर्य, अस्मिता और सेवा परंपरा का स्थायी प्रतीक बनेगा। 9 नवंबर के आयोजन को लेकर पुलिस महकमे में व्यापक स्तर पर तैयारियां जोरों पर हैं, जो हर पुलिसकर्मी के लिए गौरव और नई जिम्मेदारी का संदेश लेकर आएगा।




