उत्तराखंड

हल्द्वानी में राहुल गांधी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट में केस दर्ज, शुद्धिकरण मामले को जातिगत रंग देने का आरोप

उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। यह मामला मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद हुए शुद्धिकरण से जुड़ा है। शिकायत में राहुल गांधी पर शुद्धिकरण मामले को जातिगत रंग देने और छुआछूत से जोड़ने का आरोप लगाया गया है।

शिकायत श्रीराम धर्मार्ध सेवा समिति के सदस्य अमित कुमार ने की है, जिन्होंने रामलीला मैदान में शुद्धिकरण किया था। रविवार रात कोतवाली पुलिस स्टेशन में यह मामला दर्ज किया गया। अमित कुमार (एससी समुदाय) ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने 29 अगस्त को दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान 11 अगस्त को रामलीला मैदान में किए गए सफाई और शुद्धिकरण कार्य को जातिगत रंग दिया तथा इसे छुआछूत और अपराध बताया।

नैनीताल के एसएसपी टीसी मंजूनाथ ने बताया कि शिकायतकर्ता ने जरूरी सबूत सौंपे, जिसके बाद एफआईआर दर्ज की गई। जांच का नेतृत्व एएसपी अमित सैनी करेंगे।

खबरों के अनुसार, 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस की रैली हुई थी, जिसमें पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित अन्य नेता शामिल हुए। रैली के बाद 11 अगस्त को स्थानीय संगठन के सदस्यों ने मैदान का निरीक्षण किया। वहां गंदगी और शराब की बोतलें मिलने पर सफाई अभियान चलाया गया और सांस्कृतिक स्थल की पवित्रता बहाल करने के लिए पारंपरिक हवन-शुद्धिकरण किया गया।

राहुल गांधी ने दिल्ली में प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस शुद्धिकरण रस्म को दलित-विरोधी और छुआछूत का कृत्य बताया था तथा इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।

Related Articles

Back to top button