उत्तराखंडमुरादाबाद

मुरादाबाद: रक्षाबंधन की खुशियां मातम में बदलीं: मलकद्दा पुल टूटने से परिवार नदी में गिरा, मां-बच्चे लापता

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में रक्षाबंधन मनाकर घर लौट रहे एक परिवार की खुशियां अचानक मातम में बदल गईं। मंझोला थाना क्षेत्र के गागन नदी पर स्थित मलकद्दा पुल की लकड़ी टूटने से बाइक अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। पति और दो बच्चों को रेस्क्यू कर लिया गया, जबकि पत्नी और एक बच्चे की तलाश जारी है।

परिवार ससुराल से लौट रहा था
छजलैट थाना क्षेत्र के महमूदपुर निवासी अनिल मजदूरी करते हैं। परिवार में पत्नी किरन और तीन बच्चे—छह वर्षीय प्रियांशु, तीन वर्षीय काफिया तथा दो वर्षीय केशव—शामिल हैं। रक्षाबंधन के पर्व पर अनिल पत्नी और बच्चों को लेकर कुंदरकी थाना क्षेत्र के नानपुर गांव ससुराल गए थे। पर्व मनाकर शुक्रवार शाम साढ़े छह बजे बाइक पर घर लौट रहे थे। मलकद्दा पुल पर शॉर्ट कट से गुजरते समय लकड़ी का पुल टूट गया और पूरा परिवार गागन नदी में जा गिरा।

रेस्क्यू और तलाश अभियान
हादसे के वक्त पास से गुजर रहे लोगों की नजर पड़ी। उन्होंने दौड़कर मौके पर पहुंचकर अनिल और दो बच्चों—काफिया व केशव—को बाहर निकाल लिया। पत्नी किरन और बेटा प्रियांशु नदी में बहते पानी के साथ चले गए। सूचना मिलते ही मंझोला प्रभारी निरीक्षक रविंद्र सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। एएसपी ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पास के गांव मलकद्दा के स्थानीय गोताखोरों को नदी में उतारा गया। पति अनिल का रो-रोकर बुरा हाल है। किरन और प्रियांशु का अभी तक कुछ पता नहीं चल पाया है। ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई है और पुलिस मौके पर तैनात है।

Related Articles

Back to top button