उत्तर प्रदेश

शशि भूषण बालिका विद्यालय डिग्री कॉलेज में वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह, पूर्व DGP सूर्य कुमार शुक्ला और उप महापौर रहे मौजूद

लखनऊ। शशि भूषण बालिका विद्यालय डिग्री कॉलेज में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ वार्षिक पुरस्कार वितरण समारोह एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस गरिमामयी समारोह में शिक्षा, खेल और संस्कृति के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं का उत्साहवर्धन किया गया। कार्यक्रम में कॉलेज प्रशासन के साथ-साथ शहर की कई गणमान्य हस्तियों ने हिस्सा लिया।

मुख्य अतिथि और विशिष्ट अतिथियों ने बढ़ाया उत्साह

समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे उत्तर प्रदेश के पूर्व डीजीपी श्री सूर्य कुमार शुक्ला ने छात्राओं को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा दी। वहीं, विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद लखनऊ के उप महापौर श्री सुशील कुमार तिवारी (पम्मी भैया) ने कॉलेज की इस पहल की सराहना की।

कार्यक्रम में भाजपा के वरिष्ठ नेता श्री अनिल वाजपेयी, श्री राजकुमार नेभवानी, श्री गौतम सेन गुप्ता, महाविद्यालय के प्रबंधक पंकज भट्टाचार्य और पूर्व प्राचार्या डॉ. सुमिता दत्ता प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। इनके अलावा श्री आदिल रिजवी, खुनखुन जी गर्ल्स डिग्री कॉलेज की प्राचार्या एवं लुआक्टा महामंत्री प्रो. अंशु केडिया, लुआक्टा अध्यक्ष प्रो. मनोज पांडेय, प्राचार्या प्रो. अंजुम इस्लाम और प्रो. चंदना बोस ने भी कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।

मेधावी छात्राओं और NCC ऑफिसर का सम्मान

इस विशेष अवसर पर कॉलेज की स्पोर्ट्स और सांस्कृतिक क्लब की विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। साथ ही बीए (BA) और बीकॉम (BCom) की परीक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं को पदक एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। समारोह का एक मुख्य आकर्षण प्राचार्या द्वारा एनसीसी ऑफिसर मेजर प्रो. ऋचा मिश्रा को उनकी बेहतरीन उपलब्धियों हेतु दिया गया विशेष सम्मान रहा।

मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने जीता दिल

पुरस्कार वितरण के साथ-साथ कॉलेज की छात्राओं ने एक से बढ़कर एक मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने सभागार में उपस्थित सभी अतिथियों और दर्शकों का मन मोह लिया। इन सभी सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा और सफल निर्देशन सांस्कृतिक क्लब की प्रभारी प्रो. बिंदु तथा समस्त सदस्यों द्वारा किया गया।

कार्यक्रम का सफल मंच संचालन डॉ. अंशुल सिंह ने किया। इस विशेष अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षकगण, कर्मचारीगण, भारी संख्या में छात्राएं और उनके अभिभावक उपस्थित रहे, जिन्होंने तालियों की गड़गड़ाहट से छात्राओं का लगातार उत्साहवर्धन किया।


Related Articles

Back to top button