देश

उत्तर प्रदेश असीमित संभावनाओं की भूमि है :मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को कहा कि राज्य में असीमित संभावनाएं हैं, यह निरंतर प्रगति कर रहा है और भारत की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में से एक है। यूपी-जापान निवेश सम्मेलन 2026 को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने जापान को राज्य में निवेश करने के लिए आमंत्रित किया। दोनों देशों के साझा मूल्यों पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि भारत-जापान साझेदारी विकास, प्रौद्योगिकी और समृद्धि की साझेदारी है। मुख्यमंत्री ने कहा, “हम चाहते हैं कि जापानी कंपनियां उत्तर प्रदेश को अपना दूसरा औद्योगिक केंद्र बनाएं। साथ मिलकर हम उत्तर प्रदेश में एक दीर्घकालिक और मजबूत साझेदारी का निर्माण कर सकते हैं।

उत्तर प्रदेश और जापान के बीच गहरा संबंध है

जापान के साथ मजबूत संबंधों का जिक्र करते हुए और राज्य की आर्थिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक विरासत का हवाला देते हुए मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश और जापान के बीच संबंध केवल आर्थिक साझेदारी तक सीमित नहीं हैं; बल्कि ये प्राचीन सभ्यतागत विरासत के गहरे जुड़ाव पर भी आधारित हैं। उन्होंने कहा कि जहां जापान को उगते सूरज की भूमि कहा जाता है, वहीं उत्तर प्रदेश सूर्यवंश की भूमि है।

उत्तर प्रदेश भारत की ‘अनाज की टोकरी’ है

उत्तर प्रदेश को भारत की ‘अनाज की टोकरी’ बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य देश के कुल खाद्यान्न उत्पादन में लगभग 21 प्रतिशत का योगदान देता है। उन्होंने कृषि और खाद्य प्रसंस्करण में राज्य की निवेश क्षमता पर भी प्रकाश डाला। “आज उत्तर प्रदेश भारत की शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में से एक है और देश के विकास का इंजन बन चुका है। पिछले नौ वर्षों में हमने उत्तर प्रदेश के बजट, सकल घरेलू उत्पाद (जीएसडीपी) और प्रति व्यक्ति आय को तीन गुना करने में सफलता प्राप्त की है,हम एक ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहे हैं।

Related Articles

Back to top button