
देश आज अपना 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली के लाल किले की प्राचीर से राष्ट्रीय ध्वज फहराया और देशवासियों को संबोधित किया। इस बार का समारोह इसलिए भी खास रहा क्योंकि राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर लाल किले के राष्ट्रीय कार्यक्रम में पहली बार इसे औपचारिक रूप से गाया गया।
पीएम मोदी ने 2047 तक विकसित भारत बनाने का संकल्प दोहराया और कहा कि अब छोटे सपनों से काम नहीं चलेगा। बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए मजबूत संकल्प लेने होंगे।
युवाओं के लिए बड़ी घोषणाएं
प्रधानमंत्री ने ऐलान किया कि अगले एक वर्ष में 1 करोड़ युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की ट्रेनिंग दी जाएगी। छात्रों के लिए निशुल्क ऑनलाइन कोचिंग व्यवस्था भी शुरू की जाएगी। उन्होंने युवा शक्ति को विकसित भारत के लक्ष्य में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाली ताकत बताया।
आत्मनिर्भर भारत पर जोर
पीएम मोदी ने कहा कि भारत को अब दूसरे देशों पर निर्भर रहकर नहीं जीना है। दुनिया संसाधनों को हथियार बना रही है—पेट्रोल, डीजल, खाद, दवाइयां और यहां तक कि भूभाग भी। ऐसे में आत्मनिर्भरता ही चुनौतियों का सामना करने का रास्ता है।
सेमीकंडक्टर और उत्पादन में प्रगति
उन्होंने बताया कि भारत ने अपना सेमीकंडक्टर प्लांट लगा लिया है। तीन प्लांट शुरू हो चुके हैं और अगले 7-8 वर्षों में और प्लांट शुरू होंगे। पिछले 12 वर्षों में डिफेंस प्रोडक्शन लगभग 4 गुना, खादी उत्पादन 5 गुना, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग 7 गुना, आधुनिक रेलवे कोच निर्माण 21 गुना और मोबाइल फोन उत्पादन 33 गुना बढ़ा है।
डिजिटल और जनकल्याण योजनाएं
डिजिटल ट्रांजेक्शन में 100 गुना, पेटेंट ग्रांट में 4 गुना वृद्धि हुई है। नल-जल कनेक्शन, गैस कनेक्शन, शौचालय और आवास जैसी सुविधाओं की रफ्तार भी कई गुना बढ़ी है। सैकड़ों पुराने कानूनों को समाप्त किया गया है।
आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर
मेट्रो विस्तार समेत आधुनिक बुनियादी ढांचे में आजादी के बाद पहली बार इतनी तेजी देखने को मिली है।
बाढ़ प्रभावितों को भरोसा
पीएम मोदी ने बाढ़ प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि पूरा देश उनके साथ खड़ा है।
उन्होंने कहा कि जब सपने और संकल्प ऊंचे होते हैं तो देश का सामर्थ्य भी बढ़ता है। आत्मनिर्भरता और बड़े लक्ष्यों के साथ 2047 तक विकसित भारत का लक्ष्य अधूरा नहीं रह सकता।



