उत्तर प्रदेशबदायूँ

बदायूं: दो मंजिला मकान ढहने से महिला की मौत, तीन पशु भी दबे

बदायूं के उझानी क्षेत्र के गांव मीहलाल नगला में बृहस्पतिवार तड़के करीब 5:00 बजे प्रताप सिंह का दो मंजिला मकान का अगला हिस्सा भरभराकर ढह गया। इस दौरान वहां मौजूद उनकी पत्नी अगरवती (55 वर्ष) और चार पशु मलबे में दब गए।

अगरवती बाहरी छोर पर दबी थीं, इसलिए ग्रामीणों ने उन्हें खींचकर बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वह पशुओं को खोलने गई थीं। हादसे में तीन पशु भी मर गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की दो टीमें और नगर पालिका उझानी से जेसीबी बुला ली गई। एसडीआरएफ टीम ने मलबा हटाकर मृत पशुओं को बाहर निकाला। बताया गया कि इस मकान में कोई स्थायी रूप से नहीं रहता था। मकान का अगला हिस्सा पहले से दरका हुआ था, जो बारिश में भीगने से और कमजोर होकर गिर गया। प्रताप सिंह के छोटे भाई नन्हे के मकान का अगला हिस्सा भी इस हादसे में क्षतिग्रस्त हुआ है।

मृतका के बेटे विपिन ने बताया कि उनकी मां उस समय पशुओं को खोलने गई थीं, तभी हादसा हो गया। प्रताप सिंह परिवार के साथ पास में बने दूसरे मकान में रहते हैं। महिला की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

Related Articles

Back to top button