
दिल्ली के एक सर्वोदय विद्यालय में कार्यरत 45 वर्षीय गणित शिक्षक आनंद कुमार सरोहा ने बुधवार दोपहर रानी झांसी फ्लाईओवर से कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की।
शिक्षक को गंभीर हालत में हिंदू राव अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें सेंट स्टीफंस अस्पताल रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार, उनके दोनों हाथों की हड्डियां टूट गई हैं और सर्जरी की जरूरत है।
पुलिस के अनुसार, शिक्षक अस्थमा के मरीज हैं और मतदाता सूची संशोधन (SIR) कार्य के सुपरवाइजर के रूप में काम कर रहे थे। परिवार का आरोप है कि 10 दिन की मेडिकल छुट्टी के आवेदन को बार-बार खारिज किया गया, जिससे वे मानसिक तनाव में थे।
परिवार ने वरिष्ठ अधिकारियों पर काम का दबाव बनाने का आरोप लगाया है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



