
जूनियर एनटीआर और निर्देशक त्रिविक्रम श्रीनिवास की नई फिल्म भगवान मुरुगन के चित्रण को लेकर तमिलनाडु में जोरदार विवाद खड़ा हो गया है। फिल्म का पहला पोस्टर जारी होते ही ‘नाम तमिलर काची’ (NTK) के प्रमुख सीमन ने इसके खिलाफ तीखा विरोध जताया और फिल्म पर राज्य में बैन लगाने की मांग कर दी है।
विवाद की जड़ फिल्म के पोस्टर में लिखे कैप्शन को लेकर है। पोस्टर पर भगवान मुरुगन के दिव्य भाले के साथ संस्कृत श्लोक थे और कैप्शन में लिखा था- “उत्तर में जन्म। देश के दिल में निर्माण। दक्षिण में पूजा।” इस लाइन को लेकर आलोचकों ने कहा कि यह मुरुगन की तमिल जड़ों को तोड़-मरोड़कर पेश कर रहा है।
विवाद बढ़ने के बाद मेकर्स ने कैप्शन बदलकर “शिव के पुत्र, पार्वती का गौरव” कर दिया, लेकिन विरोध कम नहीं हुआ।
सीमन ने फिल्म निर्माताओं को चेतावनी देते हुए कहा कि तमिल देवता मुरुगन से जुड़े ऐतिहासिक तथ्यों के साथ छेड़छाड़ बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने तमिलनाडु सरकार और थिएटर मालिकों से अपील की है कि फिल्म को राज्य में रिलीज न करने दी जाए।
फिल्म अभी शूटिंग के चरण में है और इसका संभावित शीर्षक ‘गॉड ऑफ वॉर’ (पोर कडावुल) बताया जा रहा है।



