बाराबंकी जिले के सिद्धौर-केसरगंज रोड पर बसंतपुर गांव के पास एक युवक की मौत को लेकर नया खुलासा हुआ है। जिस घटना को पहले सड़क दुर्घटना बताया जा रहा था, अब पुलिस ने इसे हत्या का मामला मानते हुए मृतक की बहन के पति, जेठ और ससुर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है।
परिजनों के अनुसार, आरोपी ने 24 जून को कोर्ट में पेशी का बहाना बनाकर युवक को अपनी बहन के साथ बुलाया। अदालत पहुंचने पर पता चला कि अगली तारीख 4 अगस्त है। इसके बाद बहन को रिश्तेदारों के साथ भेज दिया गया। युवक अपने दोस्त और मौसेरे भाई के साथ बहन की ससुराल की ओर जा रहा था कि बसंतपुर गांव के पास आरोपियों ने रास्ता रोक लिया।
आरोप है कि पहले लोहे की रॉड से हमला कर तीनों को बाइक से गिराया गया, फिर युवक की बुरी तरह पिटाई की गई और अंत में कार से कुचल दिया गया। युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों का कहना है कि आरोपी लगातार लोकेशन पूछ रहा था और दुष्कर्म मामले में समझौता करने के लिए दबाव बना रहा था।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और नामजद आरोपियों की तलाश में छापेमारी कर रही है।



