देश

बंगाल: कोलकाता के ताराताला में निर्माणाधीन गोदाम ढहा, कई लोगों के फंसे होने की आशंका

बुधवार दोपहर कोलकाता के तारातला इलाके में निर्माणाधीन गोदाम ढह गया, जिसके बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान चलाया गया ,मलबे के नीचे कई लोगों के फंसे होने की आशंका है। यह घटना शहर में ब्रेस ब्रिज के पास ट्रांसपोर्ट डिपो रोड पर स्थित एक निर्माण स्थल पर हुई। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार, पहली मंजिल पर काम चल रहा था जब इमारत का लोहे का ढांचा अचानक टूट गया, जिससे संरचना का एक बड़ा हिस्सा ढह गया। अधिकारियों ने अभी तक मलबे में फंसे लोगों की सही संख्या की पुष्टि नहीं की है। हालांकि, आशंका जताई जा रही है कि 40 से अधिक मजदूर मलबे के नीचे फंसे हो सकते हैं।

इमारत गिरने के तुरंत बाद कोलकाता पुलिस, आपदा प्रबंधन समूह, नागरिक सुरक्षा और अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं की बचाव टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। सेना के जवान भी बचाव अभियान में शामिल हुए, वहीं गिरी हुई लोहे की बीमों और मलबे को हटाने के लिए क्रेन और अन्य भारी मशीनरी तैनात की गईं। कोलकाता पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक 13 लोगों को बचाया जा चुका है और अन्य लोगों को बचाने के प्रयास जारी हैं।

Related Articles

Back to top button