
केदारनाथ धाम यात्रा मार्ग पर यातायात नियमों का उल्लंघन और फर्जी वीआईपी संस्कृति अपनाने वालों के खिलाफ पुलिस का अभियान तेज हो गया है।
शनिवार को ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत कोतवाली सोनप्रयाग और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने सफेद रंग की एक स्कॉर्पियो (BR 01FT 2735) को रोका। जांच में पाया गया कि वाहन पर अनधिकृत रूप से ‘बिहार सरकार’ लिखा हुआ था और उस पर अवैध हूटर तथा नेम प्लेट लगी थी।
पुलिस के अनुसार, वाहन चालक यात्रा के दौरान फर्जी सरकारी वाहन होने का रौब झाड़कर अनावश्यक सुविधाएं हासिल करने की कोशिश कर रहा था। पुलिस ने तुरंत हूटर और नेम प्लेट जब्त कर वाहन को मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया।
पुलिस ने यात्रियों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और किसी भी प्रकार की फर्जी पहचान का दुरुपयोग न करें। यात्रा मार्ग पर नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




