
घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमतों में 29 रुपये की बढ़ोतरी की गई है और नई दरें आज रविवार से लागू होंगी। वैश्विक उथल-पुथल और अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण आपूर्ति श्रृंखला में आई बाधाओं के बीच लगभग तीन महीनों में यह दूसरी बढ़ोतरी है। इसके साथ ही, दिल्ली में 14.2 किलोग्राम के घरेलू एलपीजी सिलेंडर की कीमत 913 रुपये के बजाय 942 रुपये हो जाएगी, जबकि मुंबई में यह बढ़कर 941.50 रुपये और कोलकाता में 968 रुपये हो गई है। चेन्नई में कीमतें बढ़कर 957.50 रुपये हो गई हैं।
कीमतों में आखिरी बार 7 मार्च को बढ़ोतरी की गई थी। उस समय वैश्विक आपूर्ति श्रृंखलाओं में व्यवधान के कारण कीमतों में 60 रुपये की वृद्धि की गई थी। इसके बावजूद, सरकारी तेल विपणन कंपनियों (ओएमसी) को घरेलू एलपीजी बिक्री में लगातार नुकसान उठाना पड़ा। कीमतों में हालिया वृद्धि से पहले बेचे गए प्रत्येक एलपीजी सिलेंडर पर सरकारी तेल कंपनियों को लगभग 703 रुपये का नुकसान हो रहा था। गौरतलब है कि मई से लेकर अब तक तेल कंपनियों ने पेट्रोल, डीजल और संपीड़ित प्राकृतिक गैस (सीएनजी) की कीमतों में कई बार वृद्धि की है।



