
उत्तराखंड के हरिद्वार में सोमवार सुबह शांतिकुंज के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। गंगा स्नान कर लौट रहे तीर्थयात्रियों से भरी डबल-डेकर बस को एक तेज रफ्तार डंपर ट्रक ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस हाईवे पर पलट गई।
इस दुर्घटना में एक महिला श्रद्धालु की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 26 अन्य यात्री घायल हो गए। बस में ज्यादातर महिला यात्री सवार थीं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां सभी की हालत स्थिर बताई जा रही है।
हरिद्वार सीओ शिशुपाल सिंह नेगी और एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।



