
लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्वेद संस्थान में आउटसोर्स कर्मचारियों के लिए जारी किए गए नए नियमों को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। एजेंसी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पुरुष कर्मचारियों को दाढ़ी या लंबे बाल रखने पर 200 रुपये का जुर्माना देना होगा। महिला कर्मचारियों को भी बालों को जूड़ा न बनाने या निर्धारित हेयरस्टाइल न रखने पर 200 रुपये का जुर्माना देना होगा। खबरों के मुताबिक, संस्थान में करीब 4000 आउटसोर्स कर्मचारी काम कर रहे हैं। एजेंसी के कैंप मैनेजर ने संस्थान प्रशासन के निर्देश पर यह आदेश जारी किया है।
इसके तहत ड्यूटी के दौरान पहचान पत्र या नेमप्लेट न पहनने पर 100 रुपये का जुर्माना और निर्धारित वर्दी न पहनने पर प्रतिदिन 200 रुपये का जुर्माना तय किया गया है। बिना पूर्व सूचना दिए ड्यूटी से अनुपस्थित रहने या कार्यस्थल छोड़ने पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा। बिना पूर्व सूचना के छुट्टी लेने या अनुपस्थित रहने पर 2000 रुपये तक का जुर्माना देना पड़ सकता है। ड्यूटी के दौरान सोते हुए, धूम्रपान करते हुए या शराब का सेवन करते हुए पाए जाने पर भी 500 रुपये का जुर्माना निर्धारित किया गया है।




