
बिहार की राजनीति में हलचल पैदा कर देने वाली खबर आई है। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर से मुलाकात की।
मुलाकात के बाद तेज प्रताप यादव ने सोशल मीडिया पर 9 सेकंड का वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, “आज का दिन राजनीतिक दृष्टि से काफी महत्वपूर्ण रहा। मेरी मुलाकात प्रशांत किशोर जी से हुई, जहां हमने जनहित और भविष्य की राजनीति को लेकर गहन चर्चा की। जनता की अपेक्षाओं और बदलते राजनीतिक समीकरणों पर विस्तार से बात हुई।”
सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि तेज प्रताप ने साफ लिखा — “यह मुलाकात केवल औपचारिक नहीं थी”। उन्होंने इसे अपने राजनीतिक जीवन के एक महत्वपूर्ण अनुभव के रूप में बताया और कहा कि इस संवाद से सकारात्मक सोच और जनसेवा की भावना और मजबूत हुई है।
सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री बनने के बाद प्रशांत किशोर पर हमला करने वाले तेज प्रताप यादव का यह नया कदम बिहार की राजनीति में नई अटकलों को जन्म दे रहा है। राजनीतिक विश्लेषक इस मुलाकात के मायने निकालने में जुट गए हैं।



