
निषाद पार्टी के अध्यक्ष और मंत्री संजय निषाद ने विपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा), बहुजन समाज पार्टी (बसपा) और कांग्रेस को “दलाल पालने वाली पार्टियां” करार दिया।
संजय निषाद ने कहा कि इन पार्टियों के पास अपनी कार्यकर्ता नहीं, बल्कि पैसे पर भीड़ जुटाने वाले दलाल होते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा, बसपा और कांग्रेस भाड़े पर भीड़ बुलाती हैं, जबकि निषाद पार्टी के लोग अखाड़े वाले हैं जो मेहनत और समर्पण से काम करते हैं।
2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच संजय निषाद ने चुनाव आयोग के सुझाव पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अगर दस सीटों पर चुनाव लड़ने से पार्टी रजिस्टर्ड होती है तो निषाद पार्टी उन सीटों पर फोकस करेगी जहां भाजपा कभी नहीं जीती।
डिप्टी सीएम पद को लेकर संजय निषाद ने कहा कि निषाद समुदाय की संख्या तेजी से बढ़ रही है, इसलिए उन्हें ज्यादा सीटें और सम्मान मिलना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि कम वोट वाले लोग सीएम और पीएम बन सकते हैं तो निषादों की संख्या ज्यादा होने पर उन्हें भी उचित हिस्सा मिलना चाहिए।
ओपी राजभर पर पलटवार
संजय निषाद ने सुभासपा प्रमुख ओमप्रकाश राजभर पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि राजभर मनमानी कर रहे हैं और अतरौलिया सीट पर निषादों ने सबसे ज्यादा वोट और पैसा खर्च किया है। निषाद ने चेतावनी देते हुए कहा कि राजभर को अपने बेटे को बलि का बकरा नहीं बनाना चाहिए।
पंचायत चुनाव पर संजय निषाद ने कहा कि यह किसी एक पार्टी का मामला नहीं है और सभी पार्टियां चुनाव लड़ सकती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह मुद्दा अभी न्यायालय में है।



