
ईरान के नए सर्वोच्च नेता मुज्तबा खामेनेई बेहोश हैं और वर्तमान में कोई फैसला लेने में शामिल नहीं हैं। ब्रिटिश अखबार द टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार, मुज्तबा खामेनेई उसी अमेरिकी-इजरायली हमले में गंभीर रूप से घायल हुए थे जिसमें उनके पिता, पूर्व सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली खामेनेई की मौत हो गई थी।
रिपोर्ट में कहा गया है कि 28 फरवरी को हुए हवाई हमले में घायल मुज्तबा फिलहाल ईरान के पवित्र शहर क़ोम के एक निजी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। अमेरिकी-इजरायली खुफिया एजेंसियों द्वारा खाड़ी देशों के साथ साझा किए गए डिप्लोमैटिक मेमो के हवाले से रिपोर्ट में दावा किया गया है कि मुज्तबा की हालत गंभीर है और वे देश चलाने में सक्षम नहीं हैं।
मुज्तबा कहां हैं?
नए सुप्रीम लीडर बनने के बाद मुज्तबा खामेनेई अब तक कोई सार्वजनिक कार्यक्रम में नहीं दिखे हैं, जिससे उनकी सेहत को लेकर अटकलें लगाई जा रही थीं। कुछ अफवाहें तो यह भी थीं कि वे भी उसी हमले में मारे गए। हालांकि ईरानी अधिकारियों ने बार-बार कहा कि मुज्तबा घायल जरूर हैं लेकिन वे देश की दिशा तय करने में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं।
इससे पहले ईरानी राज्य टेलीविजन पर मुज्तबा के नाम से दो बयान पढ़े गए थे और कुछ दिन पहले एक वीडियो भी जारी किया गया था जिसमें वे इजरायल के परमाणु संयंत्र ‘दिमोना’ के नक्शे का विश्लेषण करते दिख रहे थे।



