
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में एक बेहद दुखद घटना सामने आई है, जहां बस की खिड़की से गर्दन बाहर निकालना एक किशोर के लिए जानलेवा साबित हुआ। मृतक की पहचान कैफ के रूप में हुई है, जो अलीगढ़ से एक बारात में शामिल होने फिरोजाबाद आया था।
यह हादसा रामगढ़ थाना क्षेत्र के आकाशवाणी रोड पर उस समय हुआ जब बारातियों से भरी बस एक चिकन की दुकान के पास से गुजर रही थी।
चश्मदीदों के मुताबिक, बस के अंदर बैठे कैफ ने जैसे ही खिड़की से अपनी गर्दन बाहर निकाली, सड़क किनारे रखे मुर्गी के पिंजरों के नुकीले टिन के हिस्से से उसकी गर्दन टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर की गर्दन कट गई और अत्यधिक खून बहने के कारण उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इस मंजर को देखकर बस में सवार अन्य बारातियों और स्थानीय लोगों में चीख-पुकार मच गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। खुशी के माहौल में आई इस खबर ने शादी वाले घर में मातम पसरा दिया है।



