देश

असम के चाबुआ एयर फोर्स स्टेशन से आईएएफ कर्मचारी गिरफ्तार: कर रहा था पाकिस्तान के लिए जासूसी!

राजस्थान पुलिस ने रविवार को असम के चाबुआ एयर फोर्स स्टेशन में तैनात एक सिविलियन कर्मचारी सुमित कुमार (36) को पाकिस्तान के लिए जासूसी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी उत्तर प्रदेश का निवासी है और मल्टी-टास्किंग स्टाफ (MTS) के पद पर तैनात था। राजस्थान इंटेलिजेंस और एयर फोर्स इंटेलिजेंस की संयुक्त कार्रवाई में उसे चाबुआ से हिरासत में लिया गया और पूछताछ के लिए जयपुर ले जाया गया।

जांच की शुरुआत जनवरी 2025 में जैसलमेर से एक अन्य संदिग्ध झबराराम की गिरफ्तारी से हुई थी। पूछताछ में सुमित कुमार का नाम सामने आया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह 2023 से पाकिस्तानी हैंडलर्स के संपर्क में था और पैसे के बदले संवेदनशील जानकारी साझा कर रहा था।

सुमित ने एयर फोर्स स्टेशन की इंस्टॉलेशन, फाइटर एयरक्राफ्ट की लोकेशन, मिसाइल सिस्टम, कर्मियों की जानकारी और अन्य गोपनीय विवरण पाकिस्तानी एजेंसी को भेजे। उसने पाकिस्तानी हैंडलर्स के लिए सोशल मीडिया अकाउंट बनाने में भी मदद की, जिसमें उसने अपने नाम से मोबाइल नंबर रजिस्टर करवाए।

केस ऑफिशियल सीक्रेट्स एक्ट 1923 और बीएनएस 2023 की संबंधित धाराओं में दर्ज किया गया है। आरोपी से पूछताछ जारी है और जांच में उसके अन्य संपर्कों और लेनदेन का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button