उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के फैजगंज बेहटा थाना क्षेत्र में एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक पति ने महज 1000 रुपये के लालच में अपनी पत्नी को दो दोस्तों पप्पू और बालकिशन के हवाले कर दिया। आरोप है कि दोनों ने जंगल में महिला के साथ बारी-बारी सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना 6 फरवरी की बताई जा रही है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि पति ने गैस एजेंसी के कागजात बनवाने के बहाने उसे घर से निकाला। रास्ते में दोनों युवक पहले से मौजूद थे। पति ने 1000 रुपये लेकर महिला को उनके साथ बाइक पर भेज दिया। लेकिन गैस एजेंसी की बजाय वे उसे बाग या जंगल में ले गए, जहां दरिंदगी की।
पीड़िता किसी तरह भागकर घर पहुंची। पति से सवाल करने पर उसने बेशर्मी से कहा, “अब तुझसे ही पैसा कमाऊंगा।” महिला ने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने गैंगरेप का मामला दर्ज किया, पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि पति फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।



