लखनऊ पहुंची प्रियंका चोपड़ा, आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से पोषण आहार की ली जानकारी
यूनिसेफ की गुडविल एंबेसडर और फिल्म अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा दो दिन के लिए लखनऊ पहुंची है। इस दौरान वह कई सामाजिक कार्यक्रमों में हिस्सेदारी ली। प्रियंका निगोहां के लालपुर गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र पहुंचीं और बच्चों के पोषण आहार के बारे में जानकारी ली।

प्रियंका को 2016 में ‘ग्लोबल यूनिसेफ गुडविल एंबेसडर’ के रूप में नियुक्त किया गया। वह बच्चों के अधिकारों तथा लड़कियों की शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए मीडिया पैनल चर्चाओं में भी भाग लेती रहती हैं।

वह भारत में जिन प्रमुख यूनिसेफ अभियानों से जुड़ी हुई हैं, उनका लक्ष्य किशोरियों और युवतियों को जीवन कौशल, उद्यम और नेटवर्किंग के कौशल का प्रशिक्षण देकर उन्हें मजबूत बनाना है। उन्होंने यूनिसेफ के अभियानों का प्रचार करने में भी मदद की है।
इसके पहले प्रियंका चोपड़ा बिजनौर रोड स्थित औरंगाबाद के प्राथमिक विद्यालय गईं और स्कूली गतिविधियों में शामिल हुईं। उन्होंने बच्चों से बात कर खानपान की जानकारी ली। प्रियंका चोपड़ा ने बच्चों से शिक्षा व उनके पोषण आहार के बारे में जानकारी ली। इस कार्यक्रम में शामिल ग्रामीण महिलाएं और बच्चे भी उनसे मिलकर काफी खुश हुए।