भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने उत्तर भारत के कई इलाकों में अगले 4 दिनों तक शीतलहर का अनुमान जताया है. तापमान में हो रही गिरावट के बाद मंगलवार को मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इसी तरह का अलर्ट तमिलनाडु और पुडुचेरी के लिए भी जारी किया गया है, जहां भारी बारिश होने की भी संभावना है। IMD ने कहा कि इन चार दिनों के दौरान उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में गिरावट होने की संभावना है।
IMD के मुताबिक, “उत्तर पश्चिमी शुष्क हवाओं के कारण, अगले 4-5 दिनों तक उत्तर पश्चिम भारत के अधिकतर हिस्सों में न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है। वहीं अगले तीन दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ इलाकों में दिन में भी काफी ठंड रहने की संभावना है।”
मौसम विभान ने अपने पूर्वानुमान में बताया है कि अगले तीन दिनों तक पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तरी मध्य प्रदेश और राजस्थान के कुछ इलाकों में शीत लहर चल सकती है। इसके अलावा अगले 4-5 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत के कई इलाकों में काफी घना कोहरा छाया रह सकता है। आईएमडी ने पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के लिए 13-16 जनवरी के बीच ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
ऑरेंज अलर्ट का क्या मतलब है?
IMD मौसम की घटनाओं को दर्शाने के लिए चार रंगों का इस्तेमाल करती है। ऑरेंज अलर्ट के माध्यम से गंभीर स्थिति के लिए तैयार रहने की चेतावनी दी जाती है। रेड अलर्ट के जरिये बेहद खराब मौसम से जानमाल की सुरक्षा के लिए कार्रवाई करने की चेतावनी दी जाती है। ग्रीन अलर्ट सामान्य स्थिति को दर्शाता है और येलो अलर्ट मौसम के बिगड़ते हालात पर नजर रखने के लिए जारी किया जाता है।
मौसम विभाग के अनुसार, कोमोरिन इलाके में चक्रवातीय सर्कुलेशन के कारण अगले 2-3 दिनों तक तमिलनाडु, पुडुचेरी, केरल, माहे और लक्षद्वीप में भारी बारिश हो सकती है। इसके बाद इन इलाकों में बारिश नहीं के बराबर होगी। 12 और 13 जनवरी को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ इलाकों में रुक-रुककर भारी बारिश हो सकती है।