
मुंबई। कर्नाटक के किशन गांगोली ने रविवार को दृष्टिबाधित राष्ट्रीय ‘ए’ शतरंज चैम्पियनशिप खिताब पर पांचवीं बार कब्जा जमाया। गुजरात के अश्विन मकवाना और ओडिशा के सौंदर्य कुमार प्रधान क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर रहे। 13 राउंड के खत्म होने के बाद गांगोली (रेटिंग 1996) ने 10.5 अंक हासिल किए। मकवाना (रेंटिंग 1744) ने 9.5 अंक अपने हिस्से लिए। सौंदर्य (रेटिंग 1753) ने नौ अंक अपने खाते में डाले।
महाराष्ट्र के आर्यन जोशी को 8.5 अंक मिले। वह चौथे स्थान पर रहे। ओडिशा के शुभेंदु कुमार पात्रा 7.5 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर रहे।
गांगोली 13वें राउंड में सौंदर्य के भाई प्राचुर्य के सामने थे। प्राचुर्य ने उन्हें कड़ी प्रतिस्पर्धा दी और मैच ड्रॉ पर समाप्त हुआ।
यह भी पढ़ें :-धवन के रिकॉर्ड शतक के बावजूद हारी टीम इंडिया, पीछे थी बड़ी वजह
इस चैम्पियनशिप के शीर्ष-5 खिलाड़ी आने वाली वल्र्ड टीम चैम्पियनशिप में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे जो बुल्गारिया में इसी साल जुलाई में आयोजित की जाएगी।
वहीं शीर्ष-3 जूनियर (अंडर-20) खिलाड़ी इसी साल पोलैंड में अगस्त में होने वाली वर्ल्ड जूनियर चैम्पियनशिप में हिस्सा लेंगे।