
नई दिल्ली। मोदी सरकार जल्द कैबिनेट का विस्तार कर सकती है। खबरों की मानें तो एक या दो सितंबर को सरकार नए चेहरों को कैबिनेट में शामिल करेगी। इसे लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, भाजपा अध्यक्ष अमित शाह और संघ के बीच मंथन चल रहा है। ऐसा कहा जा रहा है कि चीन जाने के पहले पीएम नए कैबिनेट का ऐलान कर सकते हैं। खबरों के मुताबिक, प्रदर्शन के मुताबिक नेताओं को मंत्रालय की जिम्मेदारी दी जाएगी। वहीं, नितिन गड़करी को बड़ी ज़िम्मेदारी मिलने के आसार हैं। भाजपा के कुछ वरिष्ठ नेताओं को राज्यपाल भी बनाया जा सकता है।
अभी मोदी सरकार में ऐसे कई मंत्री हैं जिनके पास एक से ज्यादा महत्वपूर्ण मंत्रालय हैं। मनोहर पर्रिकर के गोवा का मुख्यमंत्री बनने के बाद अरुण जेटली के पास तो वित्त और रक्षा जैसे दो बड़े मंत्रालय का भार है। चीन के साथ सीमा विवाद को देखते हुए एक फुलटाइम डिफेंस मिनिस्टर की जरूरत साफ देखी जा सकती है। एम वेंकैया नायडू के उपराष्ट्रपति बनाए जाने के बाद सूचना-प्रसारण मंत्रालय और शहरी विकास मंत्रालय खाली हुए।
यह भी पढ़ें: नोटबंदी की ‘आपदा’ के लिए माफी मांगें मोदी : कांग्रेस
सूचना प्रसारण का एडिशनल चार्ज कपड़ा मंत्री स्मृति इरानी को मिला, तो शहरी विकास मंत्रालय नरेंद्र सिंह तोमर को मिला है। ऐसे में यह जिम्मेदारी मिलने के बाद नरेंद्र सिंह तोमर के पास पांच मंत्रालय हैं। वहीं स्मृति इरानी के पास भी दो मंत्रालय का भार है। इसी तरह अनिल माधव दवे के मई में निधन के बाद से केंद्रीय विज्ञान व प्रौद्योगिकी मंत्री हर्षवर्धन उनके पर्यावरण मंत्रालय का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे हैं।
यह भी पढ़ें: बीमार पत्नी से मिलने लंदन रवाना हुए नवाज शरीफ, जल्द नहीं लौटेंगे पाकिस्तान