
नई दिल्ली। खान परिवार और खबरों को पुराना नाता रहा है। पहले तो केवल सलमान ही थे जो सुर्खियां बटोरा करते थे। लेकिन अब उनके भाई अरबाज भी सुर्खियों में पीछे नहीं रहते। मलाइका से डिवोर्स फाइल करने के बाद से अरबाज खबरों में बने हुए हैं।
डिवोर्स फाइल करने के एक साल अंदर ही अरबाज ने खुलासा किया है, कि वह किसी को डेट कर रहे हैं। इस बार अरबाज के दिल में दस्तक देने वाली कोई बॉलीवुड गर्ल नहीं बल्कि रोमानिया की लड़की है। अरबाज अपनी रोमानियन गर्लफ्रेंड के साथ काफी अच्छा समय बिता रहे हैं। इतना ही नहीं वह उनके साथ काफी खुश भी हैं।
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि ‘हां, एलेक्जेंड्रा मेरी दोस्त है। मैं उससे गोवा में मिला था। उसका अपना एक रेस्टोरेंट है। हां मैं उसे डेट कर रहा हूं। अभी एक लंबा रास्ता तय करना है।’ बाकी सेलेब्रिटीज की तरह अरबाज भी फिलहाल उन्हें अपनी ‘अच्छी दोस्त’ बता रहे हैं। अरबाज इस रोमानियन गर्ल को 6 महीनों से डेट कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर दोनों की तस्वीरें काफी छाई हुई हैं।
बता दें, अभी तक अरबाज और मलाइका का तलाक नहीं हुआ है। शादी के 18 साल बाद दोनों ने बीते साल मार्च में अपना डिवोर्स फाइल कर दिया था। इन्हें नवंबर में फैमिली कोर्ट के बाहर साथ देखा गया था। इनके तलाक का फैसला अभी नहीं आया है कोर्ट ने दोनों को समय दिया है।
तलाक फाइल करने के बाद भी दोनों कई बार साथ देखे गए है चाहे वह खान परिवार में कोई पार्टी हो या मलाइका के घर में। ऐसे में दोनों के साथ आने की अटकलें आने लगी थीं। अरबाज से दोनों के दोबारा साथ आने पर सवाल पूछा गया था। इस पर उन्होंने कहा था कि अगर उन्होंने थोड़ा समय और लिया होता तो आज वह अलग नहीं होते। लेकिन ऐसा नहीं हुआ इसलिए उन्हें लगता है दोनों कभी एक दूसरे के लिए बने ही नहीं थे।
फैमिली इवेंट्स में दोनों के साथ होने पर उनका कहना था कि यह अलग होना दोनों का निजी फैसला था। दोनों के परिवार वालों ने एक दूसरे को कभी एक होने पर फोर्स नहीं किया। अरबाज के मुताबिक दोनों जबसे मिले थे तबसे एक दूसरे के परिवार को जानते हैं। उनके मुताबिक अलग होने का यह मतलब नहीं कि परिवार से रिश्ता नहीं रह गया।