मेरठ| मेरठ में ऑपरेशन के जरिए एक महिला के पेट से 97 किलो का ट्यूमर निकाला गया है। इस महिला की स्थिति को देखते हुए शहर के बड़े बड़े डॉक्टर्स ने इलाज करने से मना कर दिया था| लेकिन बाद में लोकप्रिय हॉस्पिटल में डा. एएस जग्गी की देख रेख में इस महिला का सफल ऑपरेशन किया गया। डॉक्टर्स का कहना है कि कि महिला की हालत पहले से बेहतर है।
97 किलो का ट्यूमर देख हैरान हैं लोग
जानकारी के मुताबिक कमलेश नाम की ये महिला टीपीनगर के नई बस्ती स्थित लल्लापुरा की रहने वाली हैं। इस महिला के पेट में तीन साल से ट्यूमर था| उनके पति का एक महीने पहले ही देहांत हुआ है|
घरवालों ने बताया कि कमलेश दर्द के मारे तड़प रही थीं और उनका वजन भी 152 किलो हो गया था | उनकी इस हालत को देखते हुए इलाज के लिए शहर के कई डॉक्टर्स से संपर्क भी किया गया| लेकिन डॉक्टर्स ने ऐसी स्थिति में इलाज करने से मना कर दिया।
जिसके बाद गुरुवार को परिजनों ने महिला को गंभीर हालत में लोकप्रिय हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहाँ डॉ.एएस जग्गी और डॉ.गोपाल की टीम ने ऑपरेशन करके महिला के पेट से 97 किलो का ट्यूमर निकाला।
डॉक्टर्स की मानें तो इस महिला के पेट में ट्यूमर फैल चुका था और पेट फटने से रिसाव भी हो रहा था| ऐसी स्थिति में सफल ऑपरेशन से चिकित्सा जगत में नया कारनामा हुआ है।
प्रस्तुति : अक्षय कुमार