दो महिलाओं ने 2 बैंक लुटेरों की पिस्तौल छीनकर मार भगाया
गुरुग्राम। गुरुग्राम पुलिस ने मंगलवार को सीसीटीवी फूटेज जारी किए, जिसमें दो महिलाएं हथियारबंद लोगों से लड़ रही हैं। महिलाओं की इस बहादुरी से बैंक में डकैती की घटना नहीं हो पाई। बादशाहपुर स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मनी ट्रांसफर शाखा की कर्मचारी विमला देवी (45) और पूनम (28) ने बैंक लूटने आए दीपक (25) और मोहित (25) की कोशिश नाकाम कर दी।
पुलिस आयुक्त संदीप खिरवार ने कहा कि दोनों महिलाओं को पुरस्कृत और सम्मानित किया जाएगा।
फूटेज में दिख रहा है कि चोर बैंक में सोमवार दोपहर दाखिल हुए और उन्होंने बैंग से पिस्तौल निकाला। उन्होंने विमला और पूनम को बंदूक की नोक पर लेने की कोशिश की।
घटना के समय महिलाएं बैंक की शाखा में अकेली थीं। इस दौरान उन्होंने देखा कि बदमाश बैंक लूटने में कामयाब हो गए तो उन्हें भी नुकसान पहुंचा सकते हैं। इस दौरान दोनों ने बैंक लुटेरों की पिस्तौल पकड़ ली और शोर मचाना शुरू कर दिया। इस दौरान एक बदमाश की पिस्तौल भी छीन ली। इतने में ही एक महिला ने बैंक में लगा अलार्म बजा दिया।
अलार्म बजते ही दोनों लुटेरों की हिम्म्त टूट गई और उन्होंने वहां से आनन-फानन में भागने में ही अपनी भलाई समझी और दोनों महिलाओं से अपने को बचाकर भाग निकले।
अलार्म की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग बैंक में आ गए। इसके बाद दोनों महिलाओं ने पुलिस को फोन किया।लेकिन तब-तक दोनों बदमाशों को स्थानीय लोगों की मदद से दबोच लिया गया।
दोनों बदमाशो को पकड़ने के बाद ब्रांच के अंदर भीड़ टूट पड़ी और दोनों बदमाशों की जमकर धुनाई कर डाली। गुस्साई भीड़ ने दोनों बदमाशों को बुरी तरह पीटा कोई उसे फ्लैक्स बोर्ड से मारने लगा तो कोई कुर्सी से पिटाई करने लगा।
घटना की जानकारी पुलिस को लगी तो पुलिस ने मौके पर पहुंच कर दोनों बदमाशों को भीड़ के कब्जे छुडाकर अपने कब्जे में लिया। दोनों बहादुर महिलाओं की बहादुरी के चलते बदमाशों के हौंसले पस्त हो गए और लूट की कोशिश नाकाम साबित हुई लेकिन दोनों महिलाओं की बहादुरी के चर्चे दूर दूर तक फैल गए।