
लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी से किनारा करने के बाद आज स्वामी प्रसाद मौर्य बसपा के विरोधियों को एक मंच पर लाए। उन्होंने पहले समर्थकों के साथ बैठक की। फिर ऐलान किया कि अब अगला कदम जनमत संग्रह से होगा। 22 सितंबर को लखनऊ के रमाबाई अम्बेडकर मैदान में रैली की जाएगी।
वह बसपा छोडऩे वाले पूर्व विधायकों के साथ टिकट पाने से वंचित तथा हाशिए पर आए लोगों को जोड़ेंगे। उन्होंने बताया कि आज की बैठक में बसपा के एक दर्जन से अधिक विधायक थे। कई पूर्व मंत्री तथा पार्टी के पदाधिकारी भी उनके साथ हैं।
स्वामी प्रसाद ने अपने समर्थकों के साथ बैठक के बाद कहा कि मायावती महागद्दार की नानी है। टिकट बेचने के साथ ही वह रियल स्टेट की भी बड़ी दलाल है। उसके लिए पैसा ही सब कुछ है। उसने सारे मिशन तो लात मार दी है। अब सिर्फ दौलत की बेटी को हर तरफ से पैसा बटोरने की हवस है। उन्होंने कहा कि मायावती भी कारोबारी विजय माल्या की तरह देश छोड़कर भाग जाएंगी।
स्वामी प्रसाद मौर्य ने किया सपा-भाजपा पर हमला
उन्होंने सपा और भाजपा पर भी हमले किए। बोले, ‘समाजवादी पार्टी के लोग तो सिर्फ परिवारवाद को बढ़ावा दे रहे हैं। कार्यकर्ता हाशिए पर हैं। इस पार्टी में तो गुंडों को बढ़ावा दिया जा रहा है। समाजवादी पार्टी में अब तो गुंडाराज कायम है।’ स्वामी ने भाजपा को दंगा करानेे वाली पार्टी बताया।
बहुजन समाज पार्टी के बागी नेता स्वामी प्रसाद मौर्य के लखनऊ में आज शक्ति प्रदर्शन में मंच पर उनकी पुत्री डॉ. संघमित्रा मौर्य तथा पुत्र उत्कृष्ट मौर्य थे। माना जा रहा है कि स्वामी भाजपा या सपा से नाता फिलहाल नहीं जोड़ेंगे और कांग्रेस में भी जाना नहीं चाहेंगे। 22 सितंबर तक उन्होंने जो रैली अायोजित की है, उसके बाद ही स्वामी प्रसाद का अगला कदम तय होगा।