सुशांत सिंह की आखिरी फिल्म दिल बेचारा के ट्रेलर ने बनाया नया रिकॉर्ड

दुनिया को अलविदा कह गए बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की आखिरी फिल्म का ट्रेलर छह जुलाई को रिलीज किया गया। उनकी आखिरी फिल्म दिल बेचारा है। इस फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत के साथ अभिनेत्री संजना सांघी मुख्य भूमिका में नजर आएंगी। सुशांत सिंह राजपूत भले ही इस दुनिया में नहीं रहे हों लेकिन उनकी फिल्म दिल बेचारा ने नया रिकॉर्ड बनाया है। 

जी हां, सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म दिल बेचारा का ट्रेलर रिलीज हुआ तो वह सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। फैंस सहित बॉलीवुड के कई सितारों ने फिल्म को ट्रेलर की तारीफ की है। इतना नहीं फिल्म दिल बेचारा के ट्रेलर को दर्शकों ने इतना पसंद किया है कि इस फिल्म ने हॉलीवुड फिल्म अवेंजर्स एंड गेम और इनफिनिटी वॉर के ट्रेलर को भी पीछे छोड़ दिया है। 

खबर बनाने तक दिल बेचारा के ट्रेलर को यूट्यूब पर 55 लाख से ज्यादा लोगों ने पसंद किया है। इस फिल्म के ट्रेलर को मार्वल स्टूडियो की फिल्म अवेंजर्स एंड गेम और इनफिनिटी वॉर के ट्रेलर से भी ज्यादा पसंद किया है। फिल्म अवेंजर्स एंड गेम के ट्रेलर को अब तक 20 लाख से ज्यादा और अवेंजर्स इनफिनिटी वॉर के ट्रेलर को अब तक 30 लाख से ज्यादा बार पसंद किया गया है।

आपको बता दें कि सुशांत सिंह राजपूत की फिल्म दिल बेचारा काफी समय से चर्चा में है। उनकी यह फिल्म जॉन ग्रीन के लिखे उपन्यास ‘द फॉल्ट इन आवर स्टार्स’ पर आधारित मैनी और किजी जैसे साधारण प्रेमी जोड़े की असाधारण कहानी है। फिल्म दिल बेचारा का निर्देशन मुकेश छाबड़ा ने किया है। यह फिल्म ओटीटी पर रिलीज होगी। 

वहीं फिल्म दिल बेचारा का ट्रेलर रिलीज होने के बाद कई फिल्मी सितारों ने इसको काफी पसंद किया था। मनोज बाजपेयी, मीरा चोपड़ा, नवाजुद्दीन सिद्दीकी, आयुष्मान खुराना, राजकुमार राव सहित और भी कई सितारों ने सुशांत सिंह राजपूत की आखिरी फिल्म दिल बेचारा के ट्रेलर को पसंद किया है और सोशल मीडिया पर सुशांत सिंह राजपूत को याद किया है।

LIVE TV