सर्किट हाउस में ले रहे बैठक, ब्रजक्षेत्र के नौ जिलों की कोर टीम के साथ दो दिन करेंगे चिंतन

ब्रजक्षेत्र के नौ जिलों की कोर टीम के साथ भाजपा प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह चिंतन कर रहे हैं। इस दौरान संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने के टिप्स दिए जाएंगे तो संगठनात्मक कार्यो की प्रगति भी जानी जाएगी।

भाजपा प्रदेशाध्यक्ष शुक्रवार को देररात आगरा आ गए थे। वे शनिवार को सर्किट हाउस में दोपहर 12 बजे से ब्रजक्षेत्र की जिला इकाई की कोर टीम के साथ बैठक कर रहे हैं। बैठक की शुरुआत एटा से हुई है। इसके बाद कासगंज और दूसरे जिलों का नंबर आएगा। कोर टीम में जिलाध्यक्ष, महामंत्री, जिले में निवास करने वाले प्रदेश, क्षेत्र के पदाधिकारी, जिले के पार्टी के सांसद, विधायक सम्मिलित हाेेंगे। जिलों का क्रम निर्धारित किया गया है, अगर किसी जिले को आने में देरी होती है, तो इसमें परिवर्तन किया जा सकता है। प्रदेशाध्यक्ष रात्रि प्रवास आगरा में करेंगे और रविवार को भी बैठकों का दौर चलेगा। बैठक में टूंडला विधानसभा उपचुनाव, शिक्षक एवं स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर भी चिंतन होगा। आगामी रणनीति भी तय की जाएगी। ब्रजक्षेत्र अध्यक्ष रजनीकांत माहेश्वरी ने बताया कि ये समन्वय की बैठक हैं, जो एक या दो महीने में एक बार होती है। संक्रमण काल के कारण इसमें देरी हुई है। ब्रजक्षेत्र के 12 प्रशासनिक जिलों में संगठन के 19 जिले आते हैं। दो दिन बैठक चलेंगी, जिसमें नौ जिलों से संगठनात्मक चर्चा होगी। बचे हुए जिलों की बैठक के लिए प्रदेशाध्यक्ष पुन: समय निर्धारित करेंगे। इस चरण में हाथरस, अलीगढ़, आगरा महानगर, आगरा जिला की बैठक नहीं होगी।

कोविड नियम का करना होगा पालन

लॉकडाउन के बाद पहली बार आगरा आए अध्यक्ष ने बैठकों में कोविड के नियमों का पालन कराने के निर्देश दिए हैं। शारीरिक दूरी, हाथ सेनिटाइज, मास्क का विशेष ध्यान रखा जाएगा। भीड़ नहीं जुटने देने के निर्देश दिए हैं। 

LIVE TV